Friday , March , 29 , 2024

मध्यप्रदेश में अगले सप्ताह से बढ़ेगी हाड़ कपा देने वाली ठंड

मध्यप्रदेश में अगले सप्ताह से बढ़ेगी हाड़ कपा देने वाली ठंड

भोपाल। एमपी में धूप गुनगुनी लग रही है। सर्द हवाओं की वजह से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही है। अगले सप्ताह से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है। नवंबर, 2022 के अंत तक मध्यप्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। जम्मू और उसके आस-पास चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में बना पश्चिमी विक्षोभ अब औसत समुद्र तल से ऊपर 3.1 किमी और 4.5 किमी के बीच उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है।


वहीं, मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में ऊपर की ओर द्रोणिका अब कम चिह्नित हो गई है। पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ गया है। वहीं, दिन में धूप भी गुनगुनी लग रही है। अगले तीन-चार दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मध्यप्रदेश के मैदानी क्षेत्रों के शहरों में सबसे कम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में छह डिग्री सेल्सियस तापमान रेकॉर्ड किया गया है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश के सभी संभागों में मौसम शुष्क ही रहेगा।


वहीं, न्यूनतम तापमान जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में सामान्य से कम रहे हैं। मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि प्रदेश में अभी मौसम को प्रभावित करने वाला कोई भी सिस्टम सक्रिय नहीं है। भोपाल में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। 25 नवंबर से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Comments

Add Comment