Saturday , April , 20 , 2024

कमल नाथ अनुभवी नेता है, इसलिए उन्होंने अपनी रवानगी का समय बता दिया : नरोत्तम मिश्रा

कमल नाथ अनुभवी नेता है, इसलिए उन्होंने अपनी रवानगी का समय बता दिया : नरोत्तम मिश्रा

भोपाल, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के 2023 के बाद दिल्ली शिफ्ट होने के बयान पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ अनुभवी नेता है। उन्हें कांग्रेस का भविष्य पता है, इसलिए उन्होंने पहले ही प्रदेश छोड़ने का समय बता दिया है। वैसे भी उनकी उम्र आराम करने की है। उन्हें अब वही करना चाहिए। 


गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की अगले विधानसभा चुनाव में भी हार तय है। कमलनाथ अनुभवी नेता है उन्हें कांग्रेस का भविष्य पता है, इसलिए उन्होंने पहले से ही प्रदेश से रवानगी का समय बता दिया है। वो 2023 के बाद दिल्ली शिफ्ट हो जाएंगे। ये वो सार्वजनिक कर चुके हैं। गृह मंत्री ने कहा, जब सेनापति पहले ही हार मान चुका है तो कांग्रेस चुनाव तक कितनी बचेगी यह भी बड़ा प्रश्न है।  गृह मंत्री ने कहा कि कमलनाथ का फैसला सही है। मैं भी सहमत हूं। उनकी उम्र हो गई है। इस उम्र में दिल्ली जाकर उन्हें आराम ही करना चाहिए। 


कमलनाथ के आदिवासियों के हितेषी बताने वाले बयान पर नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और कांग्रेस कितनी बड़ी आदिवासियों की हितैषी है या हाल ही में हुए राष्ट्रपति के चुनाव में पता चल गया है। देश के इतिहास में पहली बार सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के पद पर आदिवासी मातृशक्ति बैठने जा रही थी, लेकिन कमलनाथ ने उनके खिलाफ वोट दिया था। आज वो कमलनाथ आदिवासियों का हितैषी होने का दम भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस हमेशा से ही आदिवासियों की विरोधी रही है। दलबीर सिंह हो या स्वर्गीय जमुना देवी जी, कांग्रेस ने इन्हें कभी मुख्यमंत्री बनने नहीं दिया। नरोत्तम मिश्रा ने कहा, आदिवासी समाज भी कांग्रेस का असली चेहरा जानता है।

Comments

Add Comment