Thursday , April , 25 , 2024

तिरंगे पर पहला हक कांग्रेस का बताने वालों को मंत्री विश्वास सारंग ने बताया अज्ञानी

तिरंगे पर पहला हक कांग्रेस का बताने वालों को मंत्री विश्वास सारंग ने बताया अज्ञानी
भोपाल, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। तिरंगे को लेकर देश भर में जम कर सियासत हो रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भी तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इस बीच भूपेश सरकार के मंत्री कवासी लखमा के तिरंगे को लेकर दिए एक बयान ने राजनीति गरमा दी है। लखमा ने कहा, तिरंगें पर सबसे पहला हक तो कांग्रेस पार्टी का है। उनके इस बयान के बाद से बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। शिवराज सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, अज्ञानी लोग तिरंगे को कांग्रेस का प्रतीक चिन्ह बता रहे हैं। ऐसे बयान देने वालों की मानसिक स्थिति क्या होगी समझा जा सकता है। तिरंगा हर भारतीय का मान और शान है, इसपर राजनीति कांग्रेस ने की है। 

मंत्री सारंग ने कहा, तिरंगे का अपमान कांग्रेस कर रही है। दिग्विजय सिंह जैसे नेता जब पाकिस्तानी पत्रकारों के साथ मिल कर हिंदुस्तान का मान और सम्मान गिराते है और अफजल जैसे आतंकवादी को संरक्षण देने की बात करते हो उस दिन तिरंगे का अपमान होता है। कांग्रेसी देश की एकता और अखंडता पर कुठाराघात करते हैं तब तिरंगे का अपमान होता है, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। मोदी जी अववाहन पर कांग्रेसी भी यदि तिरंगे का सम्मान कर रहें है तो हमे कोई दिक्कत नहीं है।

कांग्रेस की तिरंगा यात्रा और भारत जोड़ो यात्रा पर मंत्री सारंग ने तंज कसते हुए कहा कि, कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करना चाहती है, इसलिए पार्टी पॉलिटिक्स से ऊपर नहीं उठ पा रही। तिरंगा किसी पार्टी का नहीं है, तिरंगा हिंदुस्तान का प्रतीक है। तिरंगा लहराना किसी का प्रचार करना नहीं बल्कि शहीदों की कुर्बानी पर कृतज्ञता ज्ञापित करना है। सारंग ने कहा, पीएम मोदी के हर अभियान पर कांग्रेस राजनीति करना चाहती है। उन्होंने कहा, भोपाल में  हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। हर घर तिरंगा का विरोध कर के तिरंगा यात्रा निकालना कांग्रेस की दोहरी मानसिकता का प्रतीक है।

Comments

Add Comment