Saturday , April , 20 , 2024

भगवान महाकाल की अध्यक्षता में हुई शिवराज कैबिनेट की बैठक, महाकाल कॉरिडोर अब से श्री महाकाल लोक के नाम से जाना जाएगा

भगवान महाकाल की अध्यक्षता में हुई शिवराज कैबिनेट की बैठक, महाकाल कॉरिडोर अब से श्री महाकाल लोक के नाम से जाना जाएगा
उज्जैन, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में मंगलवार को शिवराज कैबिनेट की बैठक भगवान महाकाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। प्रदेश कैबिनेट की बैठक में आम तौर पर मुख्य कुर्सी पर सीएम शिवराज ही बैठे दिखाई देते हैं, लेकिन आज कैबिनेट बैठक में सीएम नहीं महाकाल विराजमान थे। मुख्य कुर्सी पर भगवान महाकालेश्वर की तस्वीर लगाई गई थी। 

11 अक्टूबर को पीएम आएंगे उज्जैन
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन में भव्य नवनिर्मित महाकाल कॉरिडोर का उद्घाटन करने पहुंच रहे है। इसके बाद इस कॉरिडोर को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। ऐसे आज उज्जैन में हुई कैबिनेट की बैठक मुख्य रूप से महाकाल मंदिर को लेकर ही हुई। बैठक में महाकालेश्वर मंदिर विस्तारीकरण योजना के प्रथम चरण के उद्घाटन  को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। 

महाकाल कॉरिडोर अब श्री महाकाल लोक
वहीं, बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाकाल कॉरिडोर अब से श्री महाकाल लोक के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा, हमारी महाकाल  से प्रार्थना है कि वो सभी प्रदेशवासियों पर कृपा बरसाएं और उन्हें आशीर्वाद दें। महाकाल महाराज ही सरकार हैं, यहां के राजा हैं, इसलिए आज महाकाल महाराज की धरती पर हम सभी सेवक बैठक कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए ऐतिहासिक पल है। 

200 वर्ष बाद आया ऐसा मौका : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास सहित जनता के कल्याण के लिए हमें विचार आया कि महाकाल महाराज की नगरी में बैठक की जाए। लगभग 200 वर्षों बाद ऐसा पहली बार मौका आया है कि सरकार सेवक के रूप में उज्जैन में बैठक कर रही है।
News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment