Saturday , May , 18 , 2024

मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की

मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की

भोपाल। मध्य प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी पड़ने लगी है। शनिवार को सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इस सीजन में ऐसा पहली बार हुआ है, जबकि सभी जिलों का तापमान एक साथ बढ़ा है। छतरपुर जिले का खजुराहो, नौगांव और शाजापुर सबसे ज्यादा गर्म रहे। भोपाल में भी तापमान बढ़कर 41.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रमुख शहर इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में भी सूरज ने सितम ढाया।


खजुराहों में सबसे अधिक तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नौगांव और शाजापुर में तापमान 42.1 डिग्री पहुंच गया। रायसेन, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, मलाजखंड, दमोह, खंडवा, सागर, सतना, खरगोन, टीकमगढ़, रतलाम में भी तापमान 41 डिग्री या इससे ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। वहीं, सिवनी, सीधी, बैतूल, उमरिया, धार, शिवपुरी, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा में पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया। प्रमुख बड़े शहरों में भी अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर इस सीजन में सबसे गर्म रहे। उज्जैन में पारा 42 डिग्री तो भोपाल में पहली बार तापमान 41.8 डिग्री छू गया। इंदौर में 40.5 डिग्री, ग्वालियर में 41.1 डिग्री, जबलपुर में 40.4 डिग्री और डिग्री दर्ज किया गया।


यहां चल सकती है लू

मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। रविवार को छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, खरगोन, खंडवा, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़ में हीट वेव यानि लू चल सकती है।


बारिश का अनुमान

शनिवार को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में रुक—रुककर सूरज बादलों में छिपता रहा। आने वाले दिनों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण सोमवार और मंगलवार को पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।


क्‍या है लू या हीट वेव

अत्यधिक गर्म मौसम की अवधि को हीट वेव कहते हैं। मैदानी क्षेत्र में जब अधिकतम तापमान 40 और पहाड़ी क्षेत्रों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तब लू चलती है। सामान्य तापमान से साढ़े 4 डिग्री तापमान ज्यादा होने पर लू चलती है। अगर किसी क्षेत्र में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, तो इसे खतरनाक लू की श्रेणी में रखा जाता है। तटीय क्षेत्रों में जब तापमान 37 डिग्री सेल्सियस हो जाता है तो हीट वेव चलने लगती है।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment