Sunday , May , 19 , 2024

तीसरे चरण में प्रचार के अंतिम दिन सीएम मोहन यादव ने सागर, गुना, राजगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में रोड-शो कर जनसभाओं को संबोधित किया

तीसरे चरण में प्रचार के अंतिम दिन सीएम मोहन यादव ने सागर, गुना, राजगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में रोड-शो कर जनसभाओं को संबोधित किया

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रचार के अंतिम दिन सागर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती लता वानखेड़े के समर्थन में सुरखी विधानसभा के राहतगढ़ में, गुना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में मुंगावली विधानसभा में, राजगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नगर के समर्थन में राजगढ़, राघौगढ़ और ब्यावरा विधानसभा में रोड शो किया एवं आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 500 वर्षों तक भगवान श्रीराम टेंट में बैठे रहे। इसके बाद कांग्रेस का राज आया तो इन्होंने भी 70 सालों तक भगवान श्रीराम को टेंट में बैठाए रखा और जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने उनकी प्राण-प्रतिष्ठा का रास्ता खोला और मंदिर बनवाया तो पूरे देश में खुशियां मनाई गईं। लोग अयोध्या पहुंचे और जो अयोध्या नहीं पहुंचे उन्होंने भी अपने घरों में दीपक जलाया, लेकिन कांग्रेस और इसके घमंडिया गठबंधन ने इस दिन भी दुख मनाया। ये हमेशा से श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगा लगाते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की आंधी में वर्ष 2014 में राहुल गांधी लांच हुए थे, लेकिन वे भी हवा में उड़ गए। कांग्रेस पार्टी को केवल एक ही परिवार नजर आता है, लेकिन भाजपा ‘‘सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ की बात करती है। इस दौरान मुंगावली में आयोजित जनसभा को केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जनसभा को संबोधित किया।


यह चुनाव श्रीराम विरोधियों को सबक सिखाने का है : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 70 सालों तक श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगे लगाती रही। ये सनातन धर्म और सनातन संस्कृति की विरोधी है। इस बार का चुनाव भाजपा और कांग्रेस का चुनाव नहीं है, बल्कि इन राम विरोधियों और सनातन धर्म के बीच का चुनाव है। इस चुनाव में इन राम विरोधियों को सबक सिखाना है। भगवान श्रीराम के उस कालखंड को याद करें तो देखने में आता है कि भगवान ने भी कई परेशानियां उठाईं, लेकिन भगवान की चिंताओं को दूर करने के लिए हनुमान जी आए थे। अब देश की सुरक्षा और सनातन धर्म को बचाने के लिए हनुमान भक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आए हैं। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम को टेंट से निकालकर गर्भगृह में प्राण-प्रतिष्ठा की है। अब भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा से श्रीराम के मंदिर में अड़ंगे लगाए अब इनको सबक सिखाने का समय आ गया है।


राजगढ़ का चुनाव एक तरफ और पूरे देश का चुनाव एक तरफ : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव खास है। इसमें राजगढ़ का चुनाव तो सबसे खास है, क्योंकि राजगढ़ का चुनाव एक तरफ और पूरे देश का चुनाव एक तरफ है। इस बार पूरे देश की नजर राजगढ़ के चुनाव पर टिकी हुई है। राजगढ़ में भी मुकाबला श्रीराम विरोधी व आतंकवादियों को सम्मान देने वाले मिस्टर बंटाढार और सनातन की रक्षा, विकास का है। मिस्टर बंटाढार ने 10 साल तक प्रदेश में सरकार चलाई, लेकिन मध्यप्रदेश का पूरी तरह से बट्टा बैठा दिया। उन्होंने मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया, लेकिन बाद में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश को विकास की राह पर लाकर खड़ा किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जैसे रामायण काल में लक्ष्मण रेखा खीचीं हुई थी, लेकिन इसके बाद भी सीता माता का अपहरण हो गया था। राजगढ़ में भी लक्ष्मण रेखा खीचीं हुई है और यहां पर एक बाबा वेश बदलकर, सनातन धर्म का चोला ओढ़कर, पैदल चलकर, भांति-भांति के रंग बदलकर वोट मांगने आएंगे, लेकिन उनके जाल में नहीं फंसना है। उनकी बातों में नहीं आना है।


मोदीजी की आंधी में लांच हुए थे राहुल गांधी : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी की आंधी थी उस समय कांग्रेस ने राहुल गांधी को लांच किया था, लेकिन राहुल गांधी उस आंधी में उड़ गए। इसके बाद उन्हें 2019 में फिर से रिलांच किया गया, लेकिन इस बार भी अमेठी से उड़ गए। अब तो राहुल गांधी वहां से मैदान छोड़कर ही भाग गए और केरल में जाकर रूके, लेकिन अब वहां से भी भागकर वापस रायबरेली आ गए हैं। योद्धा तो वह होता है जो मैदान में डटकर मुकाबला करे। हार-जीत तो होती है, लेकिन हार से पहले ही भागने वाला तो भगोड़ा ही कहलाता है। राहुल गांधी अपनी नादानियों के कारण से अपनी और पार्टी की फजीहत कराते हैं। कांग्रेस और इसके घमंडिया गठबंधन में कूट-कूटकर अहंकार भरा हुआ है। ये अहंकारी अब तक भगवान श्रीराम के दर्शन करने नहीं पहुंचे हैं। ऐसे अहंकारियों को तो देश की जनता ही सबक सिखाएगी।


भाजपा ने हमेशा से सबका साथ-सबका विकास किया : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से सबका साथ और सबका विकास किया है। कांग्रेस पार्टी तो केवल एक ही परिवार का विकास करती रही, लेकिन भाजपा ने हर वर्ग को मौका दिया। हमारे भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी ने गांव-गांव में प्रधानमंत्री सड़क देने का काम किया था। कांग्रेस के लोग उस समय कह रहे थे, गांव में सड़क की क्या जरूरत है। वहां बैलगाड़ी चलती है। उनको बैलगाड़ी का सिस्टम मालूम नहीं है। उन्होंने गांव देखा नहीं है। वो आज भी आलू से सोना निकालने की मशीन ढूंढते हैं। आलू से सोना केवल पप्पू बना सकता है और किसी को मालूम नहीं। इसी नादानियों के कारण से वो अपनी और पार्टी की फजीहत कराते हैं। जब से स्व. राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी आए हैं, तब से हमारी पार्टी रोज बढ़ती जा रही है।


आजादी के लिए सबने साथ दिया, कुर्सी पर कब्जा कांग्रेस ने किया : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी में नेताजी सुभाषचंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी सहित कितने महान लोग थे, जिन्होंने देश को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन जब कुर्सी की बारी आई तो तब से लेकर अब तक एक ही परिवार ने पकड़ रखी है। कांग्रेस ने केवल एक ही परिवार को बढ़ावा दिया है। लोकतंत्र में सबका अधिकार होता है और सभी को मौका मिलना चाहिए, लेकिन कांग्रेस स्वार्थ के लिए एक ही परिवार पर आधारित है।


70 साल तक रहे, लेकिन नहीं हटा सके गरीबी, अब कह रहे हैं हटाएंगे : सीएम 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल तक देश की सत्ता चलाई। गांधी परिवार के दादा, परदादाओं ने भी राज किया, लेकिन तब से लेकर अब तक सिर्फ गरीबी हटाने का नारा देते रहे, लेकिन वे देश से गरीबी नहीं हटा पाए। अब उनके नेता राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमें एक बार मौका दो देश से गरीबी हटा देंगे। वे देश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हैं। देश की जनता को पागल बनाते हैं। इतने वर्षों तक देश की सत्ता पर राज किया। स्व. जवाहर लाल नेहरू, उनकी बेटी स्व. इंदिरा गांधी, स्व. राजीव गांधी सहित सोनिया गांधी ने भी 10 साल तक पीछे से सरकार चलाई, लेकिन वे देश के गरीबों, आदिवासियों, किसानों, महिलाओं के लिए कुछ नहीं कर सके। सिर्फ इनको वोट बैंक ही समझा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने सबको सम्मान दिलाया और उनका अधिकार दिलाया।


बीना से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे ने ली भाजपा की सदस्यता

सागर लोकसभा सीट के राहतगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान सागर जिले की एकमात्र कांग्रेस विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें भाजपा का गमछा पहनाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई एवं पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा।


जीतू पटवारी की टिप्पणी उनकी महिला विरोधी मानसिकता दर्शाता है इसलिए छोड़ी कांग्रेस : निर्मला सप्रे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात् विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अनुसूचित जाति की महिला श्रीमती इमरती देवी के लिए जो अभद्र भाषा कही, उससे मैं आहत हुई। विधायक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रही है। उन्होंने कहा कि पटवारी की टिप्पणी के बाद से पूरे क्षेत्र की महिलाएं उनसे संपर्क कर रही थी, लेकिन उनका रवैया महिलाओं के प्रति नहीं बदला और न ही उन्होंने समय रहते हुए अपने बयान को लेकर खेद व्यक्त किया। जिससे जीतू पटवारी और कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता अस्पष्ट हो जाती है, इसलिए मैंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।


रोड शो में उमड़ा अपार जनसैलाब, होती रही फूलों की बारिश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रचार के अंतिम दिन राजगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में राजगढ़, राघौगढ़ और ब्यावरा में रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आशीर्वाद देने के लिए अपार जनसमूह उमड़ा। चारों तरफ माहौल भाजपामय नजर आया। घर-घर में भाजपा का झंडा लहराता हुआ दिखाई दे रहा था। इस दौरान रथ पर सवार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जमकर स्वागत, सत्कार हुआ। रास्ते भर लोगों ने उन पर फूलों की बारिश की तो वहीं मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री रास्तेभर लोगों से अभिवादन स्वीकारते हुए चल रहे थे। इस दौरान मोदी-मोदी, अबकी बार-400 पार, अबकी बार-29 पार के नारे भी लग रहे थे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभाओं में उपस्थित लोगों को संबोधित किया एवं भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट देने की अपील की।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment