Sunday , May , 19 , 2024

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के बिल्किसगंज, भैरूंदा और गोपालपुर में जनसभाओं को संबोधित किया

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के बिल्किसगंज, भैरूंदा और गोपालपुर में जनसभाओं को संबोधित किया

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को विदिशा लोकसभा की दो विधानसभा इछावर और बुधनी में चुनाव प्रचार किया। इछावर विधानसभा के बिल्किसगंज और बुधनी विधानसभा के भैरूंदा और गोपालपुर में पूर्व सीएम ने विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं पूर्व सीएम ने बिल्किसगंज और गोपालपुर में रोड-शो भी किया। इस दौरान चौहान ने कहा कि, ये चुनाव अद्भुत हो गया है, इतनी गर्मी और तेज़ धूप भी जनता मुझे सुनने आ रही है। बहनें मुझे तिलक लगाती है, और चुनाव लड़ने के लिए हाथ में 10-10 रूपए देती हैं। मैं जहां जाता हूं मेरी बहनें पैसे निकालकर देती हैं, कई जगह तो बहनें गेहूं दे रही है। चुनाव के बाद गेहूं के पैसों से कन्या भोज कराएंगे और मैं भी उनसें शामिल रहूंगा। बच्चे मुझे मामा-मामा कहकर गुल्लक दे देते हैं। मैं धन्य हो गया हूं, आप सभी को बारंबार प्रणाम करता हूं। 


नेता नहीं, भैया और मामा हूं

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैं नेता नहीं, भैया और मामा हूं। हम सब एक परिवार है। ये दिल, मन और आत्मा के रिश्तें हैं। मैं चुनाव जीतने नहीं बल्कि आपकी जिंदगी बदलने आया हूं। पूर्व सीएम ने कहा कि, पार्टी ने मुझे विधायक बनाया तो विधायक बनकर काम किया, सांसद बनाया तो सांसद बनकर जनता की सेवा की। फिर आप सभी के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बना तो जनता की जिंदगी बदलने का काम किया। अब दिल्ली जा रहा हूं, वहां से भी सेवा करूंगा। चौहान ने कहा कि, ये संदेश देने का चुनाव है, अगर कोई अच्छा काम करें तो उसे ऐसा आशीर्वाद दो कि, दुनिया देखती रह जाए। ये देश को बताने का चुनाव है कि, आप अपने मामा और भैया से कितना प्यार करते हो। दूसरें भी सोचेंगे की अच्छा काम करोगे तो जनता कितना प्यार देती है। पूरे हिंदुस्तान का रिकॉर्ड तोड़ दो और 100 प्रतिशत मतदान करो। बहनें भी घर से निकल जाएं, भाई भी घर से निकलें और चुनाव प्रचार में जुट जाएं। घर-घर जाकर संपर्क करो और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करो। आप प्रेम और आशीर्वाद का रिकॉर्ड बनाओ और मैं सेवा और विकास का रिकॉर्ड बनाऊंगा।  


विधायक के रूप में मेरी विदाई है

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, आज मैं भावुक भी हूं, क्योंकि ये विदाई की बेला है, मैं विधायक के रूप में विदा होने वाला हूं। मैंने विधायक के नाते दिन और रात आपकी सेवा की, कोई कसर नहीं छोड़ी। कभी किसी को निराश नहीं किया, लेकिन कुछ दिनों बाद मैं आप लोगों का विधायक नहीं रहूंगा। जो भी मेरी भूमिका रहेगी उसमें काम करूंगा। आज मैं एक बात कहने आया हूं। मेरे लिए ये चुनाव प्रेम की परीक्षा है। अगर मैंने ईमानदारी से आपकी सेवा की है, अगर मैंने बहनों की सेवा की है, अगर मैंने लाखों बेटियों की शादी करवाई है, अगर मैंने लाखों बीमारों का इलाज कराया है, अगर लाखों बच्चों की फीस भरवाई है, उनको पढ़ने-लिखने के योग्य बनाया है। अगर गरीबों की जींदगी बेहतर बनाने की कोशिश की है, अगर किसानों का जीवन बेहतर बनाने का प्रयास किया है, तो ये आपके शिवराज के प्रेम की परीक्षा है। ये चुनाव हार-जीत का चुनाव नहीं है। मुझे विदाई दो तो ऐसी दो कि, पूरा हिंदुस्तान देखें कि, अगर प्रेम होता है तो ऐसा होता है।    


लखपति दीदी का लक्ष्य

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैंने बचपन में बेटा-बेटी में भेदभाव होते देखा था, बहनों की तकलीफ दुख-दर्द देखा था। तब मन में बहुत पीड़ा होती थी। जब मुख्यमंत्री बना तो सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई क्योंकि बेटी बोझ नहीं वरदान है। आज मुझे कहते हुए गर्व है कि, मध्यप्रदेश की धरती पर 50 लाख से भी ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां है। फिर कन्या विवाह योजना बनाकर लाखों बेटियों की शादी और निकाह करवाए। मध्यप्रदेश, देश का ऐसा पहला राज्य है जहां बहनों को स्थानिय निकायों में 50 प्रतिशत रिज़र्वेशन दिया गया ताकि बहनें भी चुनाव लड़ सकें। फिर आई लाड़ली बहना योजना। एक झटके में 1 करोड़ 32 लाख बहनों के खाते खुलवाकर उसमें पैसे डाले, इस योजना ने तो बहनों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ा दिया, लेकिन ये सफर यहीं रूकेगा नहीं, अब लाड़ली बहना से लखपति बहना बनाना है। लखपति दीदी का मतलब साल में बहनों की आमदनी 1 लाख रूपए से ज्यादा हो। स्व-सहायता समूह के माध्यम से बहनों को लखपति बनाना मेरे जीवन का लक्ष्य है।  


कांग्रेस का विकास से कोई लेना-देना नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस का विकास और जनता से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस के जमाने में न सड़कें थी, न बिजली थी और पानी की कोई व्यवस्था थी। पता ही नहीं चलता था कि, सड़कों में गड्ढें हैं या फिर गड्ढों में सड़क। पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। कांग्रेस के समय किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिलता था। पैसे नहीं भरने पर बैंक वाले कई किसानों की मोटर और ट्रैक्टर जब्त कर ले जाते थे। भाजपा की सरकार आई, मैं मुख्यमंत्री बना तो तय कर दिया कि, 18 प्रतिशत नहीं बल्कि 0 प्रतिशत पर किसानों को कर्ज मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी जी किसानों को 6 हजार रूपए सम्मान निधि दे रहे हैं, हमने भी तय कर लिया कि, 6 हजार राज्य सरकार देगी। आज किसानों के खाते में सीधे 12 हजार रूपए सम्मान निधि आ रही है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सीएम राइज़ स्कूल खोले, लैपटॉप, स्कूटी देने की योजना बनाई और मेडिकल, इंजीनियरिंग की फीस भी माता-पिता नहीं बल्कि राज्य सरकार भर रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि, अब विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है।   


मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी ने अद्भुत काम किए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में तो छोटे-छोटे देश हमें डराते थे, लेकिन मोदी जी ने कह दिया कि, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। एक ही उदाहरण देखिए कि, रूस और यूक्रेन के बीच युध्द चल रहा था। भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। मोदी जी ने एक फोन रूस के राष्ट्रपति को किया और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपति को कर कहा कि, जब भारत के बच्चे हाथों में तिंरगा लेकर निकले तो रूस ने भी युध्द बंद कर दिया और यूक्रेन ने भी युध्द रोक दिया और हमारे बच्चे सुरक्षित निकल आए। पूर्व सीएम ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी नंबर वन पार्टी है और मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। 


रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विदिशा लोकसभा की इछावर विधानसभा के बिल्किसगंज और बुधनी विधानसभा के गोपालपुर में रोड-शो किया। इस दौरान रोड-शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बडी संख्या में बहनें भी उपस्थित रहीं। रोड-शो जहां-जहां से गुजरा लोगों ने फूल-मालाओं से शिवराज का भव्य स्वागत किया। बहनों ने पूर्व सीएम को तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी और सिर पर हाथ रख उन्हें विजयी भवः का आशीर्वाद दिया तो बच्चें मामा-मामा कहकर शिवराज से लिपट गए। पूरा नगर शिवराजमय नज़र आ रहा था और चारों तरफ आंधी नहीं तूफान हैं, शिवराज सिंह चौहान है के नारे लग रहे थे। पूर्व सीएम ने भी दोनों हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर जनता-जनार्दन का अभिवादन किया।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment