Friday , May , 17 , 2024

इंडी गठबंधन में पीएम पद के लिए धन्नू, पन्ना, जुम्मन जैसे कई नाम, आपसे में मची हुई है खींचतान : शिवराज सिंह चौहान

इंडी गठबंधन में पीएम पद के लिए धन्नू, पन्ना, जुम्मन जैसे कई नाम, आपसे में मची हुई है खींचतान : शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेशभर में घूमकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। गुरूवार को भी पूर्व सीएम ने भिंड से भाजपा प्रत्याशी संध्या राय के समर्थन में मेहगांव व सेवड़ा और गुना लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में कोलारस, ईसागढ़ और बमोरी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। साथ ही पूर्व सीएम ने अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के ओबेदुल्लागंज और मंडीदीप में भी जनसभाओं को संबोधित किया। सभाओं से पहले चौहान भिंड जिले स्थित प्रसिध्द आजी माता मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृध्दि की कामना की। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, हम राजनीति में केवल दो ही उद्देश्यों के लिए हैं। पहला देश की सेवा और दूसरा जनता की सेवा। जनता की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए काम करना है। राजनीति मेरे लिए कोई शौक या धंधा नहीं है, राष्ट्र की सेवा का माध्यम है, राष्ट्रीय पुर्निर्माण के लिए राजनीति है, जनता के कल्याण के लिए राजनीति है, गरीबों की सेवा के लिए राजनीति है, और बहनों के उत्थान के लिए राजनीति है।   


इंदिरा जी ने संविधान बदलने की कोशिश की

पूर्व सीएम ने कहा कि, कांग्रेस में ऐसा कुछ भी नहीं बचा है कि, उन्हें वोट दिया जाए। कांग्रेस ना दिल्ली में बची है ना भोपाल में बची है, और ना ही आगे कोई संभावना है। कांग्रेसी केवल भ्रम फैलाते हैं। कहते हैं कि, संविधान बदल देंगे। संविधान बदलने की कोशिश तो इमरजेंसी लगाकर इंदिरा गांधी जी ने की थी। संविधान को खंडित करने का काम कंग्रेस ने 1975 में किया था। उन्होंने कहा कि, बाबा साहब अंबेडकर जी का लिखा हुआ संविधान कोई बदल नहीं सकता है और बदलने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। उल्टा कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब अंबेडकर जी को हराने का काम किया है। 


राहुल गांधी वामपंथियों के बंधक हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस विऱासत टैक्स की बात करती है। विरासत टैक्स का मतलब है, अगर मकान बना लिया, संपत्ति बना ली है, तो उसका 55 प्रतिशत सरकार जब्त कर लेगी और केवल 45 प्रतिशत ही बच्चों के लिए बचेगा। अब आप बताओ अपनी संपत्ति लूटने दोगे क्या..? पता नहीं कौन हैं ये सेम पित्रोदा, कहां-कहां के लोग कांग्रेस में आ गए हैं। राहुल गांधी तो वामपथियों के बंधक बन गए हैं।  उलटे-सीधे फैसले कर रहे हैं। अब ऐसी कांग्रेस में कौन रहेगा। इंदौर से कांग्रेस के उम्मीदवार ही पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के अच्छे और विचारवान नेता देश के विकास के लिए भाजपा में आ रहे हैं। कांग्रेस में अब कुछ बचा नहीं है। ये कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकते हैं। 


इंडी गठबंधन बताए उनका पीएम कौन

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। अभी भी नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री हैं और तय है कि, आगे भी मोदी जी ही प्रधानमंत्री रहेंगे, लेकिन इंडी गठबंधन बताए कि, उनका प्रधानमंत्री कौन है धन्नू, मन्ना, कल्लू, जुम्मन कोई नाम तो बताएं। इंडी गठबंधन वाले तो आपस में ही लड़ रहे हैं। कह रहे हैं कि बाद में तय कर लेंगे और ये भी कह रहे हैं कि, बारी-बारी से प्रधानमंत्री बन जाएंगे। ऐसे हाथों में देश नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि, गर्मी के दिनों में बाजार में मटका भी खरीदने जाते हैं तो ठोक-बजा कर देखते हैं कि, कहीं से पानी तो नहीं रिस रहा है। सब्जियां भी देख कर लेते हैं कि, कहीं खराब तो नहीं है। जब हम मटका और सब्जियां भी देखकर लेते हैं तो जिसके हाथों में देश दे रहे हैं उसे भी ढंग से देखेंगे और वो एक ही नेता हैं केवल श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी। मोदी जी के हाथों ही विकसित भारता निर्माण होगा। पूर्व सीएम ने कहा कि, मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। 


राजमाता जी ने मुझे आशीर्वाद दिया

पूर्व मुख्यमंत्री ने गुना लोकसभा के कोलारस में जनसभा को संबोधित करते हुए स्वर्गीय राजमाता सिंधिया जी को लेकर कहा कि, रिश्ते तो सच-मुच में दिलों के हैं, मुझे याद है जब मैं छोटा था और भाषण देता था तब उनका प्रेम और स्नेह मिलता था। मेरी सगाई हुई, उन्होंने आशीर्वाद दिया, मेरी शादी के बाद जब बेटे कार्तिकेय का जन्म हुआ तो कार्तिकेय उनकी गोद में था और जब मैं विदिशा लोकसभा से पहला चुनाव लड़ा तो वो स्नेह की वर्षा करने आई और मुझे आशीर्वाद दिया। जब मैंने पदयात्रा की तो पदयात्रा के समापन में भी आई। जब भी मुझे जरूरत पड़ी, राजमाता जी ने मुझे अपना आशीष दिया।  


राम विरोधी है कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए। बहनें घरों में दीप जला रही थी, हर छत पर भगवा पताकाएं लहरा रही थी, पूरा देश खुशियां मना रहा था, लेकिन केवल कांग्रेस पार्टी रो रही थी। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, उन्होंने लिखित में कहा कि, हम नहीं जाएंगे, मुहूर्त खराब है। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुहूर्त तो कांग्रेस का खराब है, कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी तब तक लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान राम का विरोध किया था। इनके गलत फैसलों के कारण ही आज कांग्रेस समाप्ति की ओर है।


हर बहन बनेगी लखपति दीदी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, मेरे लिए बहने देवी की मूर्तियां है और बेटियां साक्षात देवी। मैं बहन-बेटियों की पूजा कर उनके पैर धोता हूं और पानी माथे से लगाता हूं तो मेरे काम करने की ऊर्जा कई गुना बढ़ जाती है। मेरा संकल्प है कि, जब सांस चलेगी तब तक बहन-बेटियों के कल्याण के लिए काम करता रहूंगा। बचपन में मैंने बहन-बेटियों का दुख, दर्द और तकलीफ देखी थी। तभी से मन में था कि, इनके कल्याण के लिए कुछ करना है। मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू की क्योंकि बेटियों को बोझ नहीं वरदान बनाना है। फिर कन्या विवाह योजना के तहत लाखों बेटियों की शादी करवाई। फिर स्थानीय निकायों में बहनों के लिए 50 प्रतिशत रिज़र्वेशन और फिर आई लाड़ली बहना योजना। इस योजना ने तो बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। बहनों की जिंदगी बदल गई है लेकिन ये सफर यहीं नहीं थमेगा। अब मेरे जीवन का मिशन है लखपति बहना अभियान। लखपति दीदी का मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की सालाना आय 1 लाख रूपए से ज्यादा हो और ये होकर रहेगा। 


मोदी जी भारत के लिए वरदान है

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी ने अद्भुत काम किए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एक सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। एक-एक कर सारे मुद्दे हल हो गए हैं। चाहे कश्मीर में धारा 370 हो या तीन तलाक जैसा काला कानून हो। कांग्रेस के जमाने में छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, लेकिन मोदी जी ने कह दिया हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और हमें किसी ने छेड़ा को हम छोड़ेंगे भी नहीं। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की, आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। सौ साल पहले एक नरेन्द्र यानी कि, स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि, सुदीर्घ रजनी समाप्त हुई जान पड़ती है, महानिशा का अंत निकट है, जो अंधे हैं वो देख नहीं सकते, जो बहरे हैं वो सुन नहीं सकते, लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूं कि, भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्वगुरू के पद पर आसीन हो रही है। ये सौ साल पहले एक नरेन्द्र ने कहा था और आज दूसरा नरेन्द्र इस सपने को साकार कर रहा है। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही हमारा भारत विश्व गुरू बनेगा और दुनिया को दिशा दिखाएगा।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment