रायपुर। आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावितों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को 2500 परिवारों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की पहली किस्त की राशि जारी की। कुल 10 करोड़ रुपए जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में वर्चुअली आयोजित कार्यक्रम में आवास निर्माण की पहली किस्त प्रति परिवार 40-40 हजार रुपए की दर से कुल दस करोड़ रुपए हितग्राहियों के खातों में भेजे। छत्तीसगढ़ के विशेष आग्रह पर केंद्र सरकार की ओर से राज्य के आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
15 हजार आवास स्वीकृत कराए
मुख्यमंत्री ने वर्चुअली जुड़े हितग्राहियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से विशेष आग्रह कर आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए, जो प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता की शर्तों में नहीं आ पा रहे थे, उनके लिए 15 हजार आवास स्वीकृत कराया है। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।
अच्छा मकान बनाने के लिए किया प्रेरित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल प्रभावित दूरस्थ वनांचलों के लिए स्वीकृत इस विशेष परियोजना के हितग्राहियों की हौसला बढ़ाया। उन्हें अच्छा मकान बनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इसमें सरकार हर तरह की मदद करेगी।
नक्सलवाद को समाप्त करने का अभियान अब अंतिम चरण में
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद को समाप्त करने का अभियान अब अंतिम चरण में है। बस्तर के लोगों के मन से अब आतंक का डर हट जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मुख्य धारा में आएं। बस्तर की शांति और विकास के लिए यह जरूरी है।
सुकमा के सर्वाधिक 809 परिवार लाभान्वित
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह ने सुकमा के सर्वाधिक 809 आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल प्रभावित परिवारों को, बीजापुर के 594 और नारायणपुर के 316, बस्तर के 202, दंतेवाड़ा के 180, कोंडागांव के 166 और कांकेर के 138 परिवार को आवास की पहली किस्त मिली।
Comments
Add Comment