भोपाल। मध्यप्रदेश का मौसम इन दिनों बदलते मिज़ाज का पैग़ाम दे रहा है। कहीं चिलचिलाती धूप और लू का कहर तो कहीं बादलों की दस्तक के साथ ठंडी हवाएं और बारिश...! ऐसा लगता है मानो मौसम ने एकसाथ कई चेहरे पहन लिए हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। जबलपुर और शहडोल संभाग में बारिश दर्ज की गई, तो पश्चिमी मध्यप्रदेश अब भी तेज तपिश से झुलस रहा है।
कई जिलों में 43 डिग्री सेल्सियस के पार पारा पहुंचा है, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ ठंडी हवाओं ने राहत दी है।
कई जिलों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली हैं। गरज-चमक के साथ कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं पश्चिमी मप्र के जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।
जानिए प्रमुख जिलों का तापमान (मंगलवार)
भोपाल: 41.8°C
गुना: 43.5°C
ग्वालियर: 38.8°C
इंदौर: 42.6°C
रायसेन: 43.0°C
रतलाम: 43.02°C
उज्जैन: 43.0°C
जबलपुर: 40.0°C
खजुराहो: 43.4°C
बारिश और वज्रपात की चेतावनी, इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए जिन जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है, उनमें शामिल हैं: सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा।
3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, भोपाल में बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 3 दिनों तक मौसम में खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। भोपाल में 43 डिग्री अधिकतम और 25 डिग्री न्यूनतम तापमान का अनुमान है।
5 वेदर सिस्टम कर रहे हैं असर, नया विक्षोभ देगा दस्तक
मौसम में हो रहे बदलाव की मुख्य वजह प्रदेश में सक्रिय पांच मौसम प्रणालियां हैं। इसके अलावा 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा, जिसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
Comments
Add Comment