Thursday , May , 29 , 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने का किया आह्वान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार की सुबह राजधानी में शीतलदास की बगिया पहुंचकर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बड़े तालाब के घाटों की सफाई में श्रमदान किया।  साथ ही सफाई मित्रों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। 

 

मुख्यमंत्री ने सफाई नौका में बैठकर सफाई कर्मियों से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। नागरिकों से जल संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की। उन्होंने नागरिकों से आव्हान किया कि हर संभव तरीके से जल बचाइए, क्योंकि जल की हर बूंद में जीवन है, अमृत है। इसकी हर बूंद में हमारा सुनहरा भविष्य समाया है। 

   इस दौरान लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम सभापति किशन सूर्यवंशी, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह उपस्थित रहे।


आज जल बचेगा, तभी हमारा कल सुरक्षित होगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल बचाना हमारी आज की जरूरत भी है और बेहतर कल के लिए जिम्मेदारी भी। आज जल बचेगा, तभी हमारा कल सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए सभी संभव उपाय किए जाएं। जल बचाना पूरे समाज, हर वर्ग, हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। आज जल सहजेंगे, तभी तो हमारा आने वाला कल संवरेगा।


परंपरागत जल स्रोतों का किया जा रहा है जीर्णोद्धार व पुनर्विकास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन और सतत उपयोग के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान इसी दिशा में एक ठोस कदम है, जिसके तहत पुरानी बावड़ियों, कुंओं, तालाबों, सरोवरों और अन्य परम्परागत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार एवं पुनर्विकास किया जा रहा है।


जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का वास होता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अपने-अपने स्तर पर पानी बचाने में सहयोग करें। जल है तो कल है, यह पुण्य भावना प्रदेश के हर नागरिक के मन में होनी ही चाहिए। मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को "सफाई दूत" की संज्ञा देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि हमारे जीवन की शैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का वास होता है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपने घर, आस-पड़ोस और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। 


बड़ा बाग की पुरानी बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य को देखा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शीतलदास की बगिया से बड़ा बाग स्थित पुरानी बावड़ी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम की ओर से कराए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यों को देखा। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जल संरक्षण के लिए अद्भुत व्यवस्थाएं बनाई थीं। आज जरूरत है कि हम उन ऐतिहासिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन करें और उन्हें अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी संजोकर रखें। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment