भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को पचमढ़ी के राजभवन परिसर में "आम महोत्सव" का शुभारंभ किया। उन्होंने मणि प्रभा और बॉम्बे ग्रीन किस्म के आमों का स्वाद भी लिया। साथ ही देशी आम भी चखे।
प्रदर्शनी में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के साथ लोक निर्माण मंत्री और नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और बाकी मंत्रियों ने भी आम का स्वाद चखा।नरसिंहपुर के किसान विजय पाल सिंह ने आम की विभिन्न वैरायटी की टोकरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेंट की। आम उत्पादक किसान सुभाष पटेल ने मुख्यमंत्री को "यथार्थ गीता" पुस्तिका भेंट की।
प्रदर्शनी में आम की ये किस्में उपलब्ध
आम महोत्सव में आम्रपाली, लंगड़ा, दशहरी, चौसा, तोता परी, फ़ाज़ली, बंगाल पाली, तुर्रापर, शुकर गुठली, मिश्री, हापुस, स्वर्णप्रभा, काला पहाड़, हिमसागर, स्वर्णरेखा, रत्ना, केसर, रुक्मणी, साबनिया, नीलम, सिंधु, जहांगीर, प्यारी, रॉयल मिस्री, जर्दालू, सेंसेशन,रस भंडार, जम्बो केसर, सुंदरजा, कृष्ण भोग, गजरिया, मालदा और राम केला आदि किस्में उपलब्ध हैं।
300 से अधिक नमूने प्रदर्शन के लिए रखे
प्रदर्शनी में आम 300 से अधिक नमूने प्रदर्शन के लिए रखे गए हैं, जो कृषकों, आमजन और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महोत्सव 4 जून 2025 तक चलेगा और इसका उद्देश्य आम की विविधता को प्रोत्साहित करना, प्रगतिशील कृषकों को मंच देना तथा आम आधारित उद्यानिकी और प्रसंस्करण को बढ़ावा देना है।
Comments
Add Comment