गुना। मध्य प्रदेश की राजनीति में शनिवार को बड़ा धमाका हुआ, जब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस से निष्कासन के बाद सीधा ऐलान कर दिया – “अब हम नई कांग्रेस बनाएंगे”। उन्होंने न सिर्फ निष्कासन पत्र को फाड़ दिया, बल्कि राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा, "देख लो राहुल गांधी, जैसे तुमने कभी मनमोहन सिंह का पत्र फाड़ा था, वैसे ही मैं भी ये फाड़ रहा हूं।"
वीडियो संदेश में लक्ष्मण सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “तुम्हारे इस पत्र से मैं कांग्रेस से बाहर नहीं हो जाऊंगा। मैं कांग्रेसी था, हूं और रहूंगा।” उन्होंने आगे कहा, "पार्टी ने जब कहा, तब स्व. सुषमा स्वराज जैसी बड़ी नेता के खिलाफ भी मैं चुनाव लड़ने गया, जब कोई कांग्रेसी उनके खिलाफ लड़ने को तैयार नहीं था। मगर अब कांग्रेस चाटुकारों की पार्टी बन चुकी है।"
"नई कांग्रेस" की घोषणा, पदयात्रा का ऐलान
पूर्व सांसद ने अपने समर्थकों से साफ कहा – अब वक्त झुकने का नहीं है। "अब हम सब मिलकर एक नई कांग्रेस खड़ी करेंगे। बरसात के बाद एक लंबी पदयात्रा शुरू की जाएगी, जिसमें जनता के बीच जाकर असली कांग्रेस का संदेश दिया जाएगा।" लक्ष्मण सिंह ने यह भी जोड़ा कि उनका कांग्रेस से 6 साल का निष्कासन उन्हें विचलित नहीं कर सकता, क्योंकि उनका संघर्ष संगठन से बड़ा है। उन्होंने कहा, “मैंने 5 बार लोकसभा और 3 बार विधानसभा का चुनाव जीता है। मेरा अनुभव पार्टी के मौजूदा नेतृत्व से कहीं ज्यादा है।”
राहुल गांधी को पहले भी दी थी नसीहत
बता दें कि इससे पहले भी लक्ष्मण सिंह राहुल गांधी के बयानों को लेकर कई बार सार्वजनिक आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था, "राहुल को सोच-समझकर बोलना चाहिए।" उनके ऐसे तीखे बयानों को लेकर पार्टी लंबे समय से असहज थी। पार्टी ने अंततः उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया।
राजनीतिक भविष्य की नई लकीर
अब सवाल है कि क्या वाकई “नई कांग्रेस” नाम की कोई बड़ी राजनीतिक ताकत खड़ी होगी या ये बयान महज़ एक क्षणिक प्रतिक्रिया है। लेकिन इतना तय है कि लक्ष्मण सिंह का यह बागी अंदाज़ कांग्रेस के भीतर एक नई बहस जरूर छेड़ेगा।
Comments
Add Comment