भोपाल। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के नवनियुक्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन और विकासखंड अधिकारियों ने सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि वह जब भी मैदानी भ्रमण पर जाएं, जनता से आत्मीय व्यवहार करें। उनकी समस्याओं को विनम्रता से सुनें और प्राथमिकता के साथ निराकरण करें।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोक सेवक बनकर राष्ट्र के विकास और मानव कल्याण का अवसर बिरले लोगों को ही मिलता है। सेवाभाव के साथ जनसेवा ही सच्चे लोक सेवक की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में मिलने वाली सीख और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्य अनुभवों का उपयोग प्रशासनिक जीवन की चुनौतियों के समाधान में करें। आमजनों की बुनियादी जरूरतों जैसे- रोटी, कपड़ा, मकान के साथ पानी और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए।
जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान भोपाल की संचालक सरिता बाला ने राज्यपाल का स्वागत किया। आभार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव दिनेश जैन ने व्यक्त किया। संचालन संयुक्त आयुक्त अनिल कोचर ने किया
अब दूरस्थ इलाकों तक दिखाई देता है विकास
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विगत वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों से मध्यप्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अब दूरस्थ इलाकों तक विकास दिखाई देता है। गरीब, वंचित और जरूरतमंदों के जीवन को बेहतर बनाने के सरकार के लक्ष्य को सफल बनाने की मूल जिम्मेदारी आप अधिकारियों की है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को दूरस्थ अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आपके पद का परम दायित्व है।
Comments
Add Comment