भोपाल। जल संरक्षण के क्षेत्र में खंडवा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जल शक्ति अभियान 'कैच द रेन' के तहत “जल संचय, जन भागीदारी” पहल में प्रतिभागिता करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 1,29,046 से अधिक जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण और पंजीकरण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जल संरक्षण के लिए नागरिकों ने जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया है। जल संरक्षण के प्रयासों से न केवल भूजल स्तर में सुधार हुआ है बल्कि वर्षा के जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा को मजबूत किया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनका जिला जल संरक्षण में देश में अव्वल। यह गौरव का क्षण है। हम प्रशासन के साथ मिलकर हर बूंद को संरक्षित करने के लिए और अधिक प्रयास करेंगे।”
जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दे दिया
कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दे दिया है। खास तौर पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर कार्य हो रहा है। सभी शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद यह अभियान शासकीय आवासों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दो मंजिला आवासीय भवनों तक चरणबद्ध रूप से विस्तारित होगा।
जल है तो जीवन है: ऋषभ गुप्ता
कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने कहा है कि जल है तो जीवन है। रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से हम न केवल जल संकट से निपट सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने जिले की सभी पक्की छतों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य रखा है और जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
Comments
Add Comment