Monday , June , 02 , 2025

एमपी की महिला मंत्री पीएम मोदी के साथ मंच पर बैठेंगी, 16 जिलों की 2 लाख महिलाएं होंगी शामिल

एमपी की महिला मंत्री पीएम मोदी के साथ मंच पर बैठेंगी, 16 जिलों की 2 लाख महिलाएं होंगी शामिल

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन नारी शक्ति को समर्पित है, जिसमें करीब दो लाख महिलाओं की उपस्थिति संभावित है।


कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि पीएम मोदी के साथ मंच पर केवल महिला मंत्री और जनप्रतिनिधि बैठेंगे। मंच का संचालन राज्य की मंत्री कृष्णा गौर करेंगी, जबकि महिला मंत्री संपतिया उइके, निर्मला भूरिया, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, और भोपाल की महापौर मालती राय मंच की शोभा बढ़ाएंगी। साथ में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल भी उपस्थित रहेंगे।


कार्यक्रम में कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के विशेष कट-आउट्स लगाए जाएंगे, जो भारत की वीर महिलाओं के साहस और समर्पण को सलामी देंगे।


सम्मेलन में शामिल होने के लिए 16 जिलों से लगभग 5000 बसों में महिलाएं लाई जाएंगी। इनके सुचारु आगमन के लिए पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की पूरी व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई है। महिलाओं को 1600 से अधिक बूथों से लाया जाएगा, जहां 1550 महिलाओं को आयोजन की ड्यूटी भी सौंपी गई है।


सम्मेलन में महिलाएं राजपूती पोशाक, आदिवासी वस्त्र, मराठी साड़ियाँ पहनकर भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का प्रतीक बनेंगी। यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी गरिमा और गौरव का उत्सव होगा।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment