भोपाल। नरसिंहपुर जिले के नई कृषि उपज मंडी प्रांगण, गोटेगांव में बुधवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न हुए। इसमें कल 218 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आयोजन से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल और सहयोग के प्रतीक हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के साथ ह प्रदेश सरकार दोस्त बनकर हमेशा साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विवाह हमारी संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यह हमारे समाज और परिवार का आधार है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार माताओं, बहनों और बेटियों के हितों की रक्षा के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है। बहन, बेटियों के लिए सालाना बजट में 27 हजार 147 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। प्रदेश में ग्रामसभा से लेकर विधानसभा तक महिलाओं की प्रभावी उपस्थिति है। सामूहिक विवाह सम्मेलन में 216 कन्याओं का विवाह और 02 बेटियों का निकाह कराया गया।
40 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का संचालन कर रहीं महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय नौकरियों में हमने महिलाओं के लिए 35 फीसदी तक आरक्षण का प्रावधान किया है। प्रदेश में 40 फीसदी से अधिक स्टार्ट-अप्स का संचालन महिलाएं कर रही हैं। बीते वर्षों में 5 लाख स्व-सहायता समूहों के माध्यम से करीब 62 लाख ग्रामीण बहनें आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। यह हमारे लिए गौरव का विषय है।
विवाह 2 परिवारों का और 2 संस्कारों का भी मिलन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नवविवाहित जोड़ों को दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि 16 संस्कारों में सबसे सुंदर पाणिग्रहण संस्कार है। विवाह 2 परिवारों का और 2 संस्कारों का भी मिलन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य न केवल बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करना है, बल्कि उनके जीवन की नई शुरुआत को आर्थिक संबल सशक्त आधार देना भी है।
Comments
Add Comment