Wednesday , June , 18 , 2025

मध्यप्रदेश में मानसून ने दी दस्तक! इंदौर समेत 19 जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

मध्यप्रदेश में मानसून ने दी दस्तक! इंदौर समेत 19 जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

भोपाल। मानसून ने मध्यप्रदेश में चुपचाप एंट्री मारी और अब बारिश का जबरदस्त तांडव शुरू हो गया है। इंदौर से लेकर पचमढ़ी तक और धार से रीवा तक आसमान से राहत की फुहारें बरसने लगी हैं। दक्षिण-पश्चिमी मानसून की इस दस्तक ने जहां तपती गर्मी से राहत दी, वहीं अब खतरे की घंटी भी बजा दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे बेहद भारी बताए हैं—26 जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी कर दिया गया है।


19 जिलों में पहुंचा मानसून, इंदौर में पांच दिन पहले हुई एंट्री

प्रदेश में मानसून ने तय समय से करीब पांच दिन पहले ही दस्तक दे दी है। मंगलवार को इंदौर समेत 19 जिलों में इसका असर देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या सुरेंद्रन के मुताबिक, फिलहाल मानसून कमजोर है लेकिन अगले 48 घंटे में यह अधिक सक्रिय होगा। इंदौर में पिछले साल 21 जून को मानसून पहुंचा था, इस बार यह 18 जून को ही दाखिल हो गया।


ये जिले आए मानसून की चपेट में

मंगलवार तक मानसून इन जिलों तक पहुंच चुका था: अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, हरदा, उत्तरी खंडवा, बैतूल, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी। सोमवार को मानसून ने खंडवा और बुरहानपुर से प्रदेश में एंट्री ली थी।


मंगलवार सुबह तक इन जिलों में दर्ज हुई बारिश

नौगांव: 31.3 मिमी

रीवा: 27 मिमी

धार: 4.8 मिमी

भोपाल: 4.5 मिमी


भोपाल में 20 और 21 जून को अच्छी बारिश के आसार हैं।


कहां कितना खतरा?

ऑरेंज अलर्ट: झाबुआ, उज्जैन, मंदसौर, शहडोल, मंडला

येलो अलर्ट: बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन समेत 26 जिले


इंदौर में बारिश के साथ तेज हवा, तापमान में आई गिरावट

मंगलवार को दोपहर बाद इंदौर में मानसून की पहली फुहारें गिरीं। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।


प्री-मानसून गतिविधियां तेज, मौसम में घुली ठंडक

सोमवार शाम से ही प्रदेशभर में प्री-मानसून की गतिविधियां बढ़ गई थीं। बादल छाने और हल्की बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई। मंगलवार को 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलीं और वातावरण में 61% आद्रता दर्ज हुई।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment