Monday , June , 16 , 2025

MP में दस्तक देने को तैयार मानसून! तेज आंधी-बारिश मचा सकती है तबाही, 15 जून को मानसून की एंट्री तय

MP में दस्तक देने को तैयार मानसून! तेज आंधी-बारिश मचा सकती है तबाही, 15 जून को मानसून की एंट्री तय?

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून के स्वागत से पहले ही मौसम ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने दस्तक दी, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा। गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि रतलाम, मुरैना, खंडवा और ग्वालियर में तेज हवा के साथ पानी बरसा। रतलाम में आंधी के चलते पेड़ गिरने से ओएचई लाइन टूट गई, जिससे ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा।


15 जून को मानसून की संभावित एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 15 जून तक मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इस बार यह मंडला और बालाघाट से राज्य में एंट्री कर सकता है। विभाग का कहना है कि आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बने चक्रवात और कर्नाटक तक फैली द्रोणिका के कारण मानसून की रफ्तार तेज हो रही है।


विशेषज्ञों के मुताबिक, 14 जून से मानसून गतिविधियां तेज होंगी और अगले कुछ घंटों में मानसून प्रदेश में पूरी तरह दाखिल हो जाएगा। इसके साथ ही झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।


इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

Orange Alert (अतिभारी बारिश की चेतावनी)

श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर

इन जिलों में अतिभारी वर्षा की आशंका के मद्देनज़र मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


Yellow Alert (मध्यम से भारी बारिश की संभावना)

नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, उज्जैन, आगरमालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, इंदौर, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, सीहोर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढ़ुर्ना, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, पन्ना, सतना, मैहर, मऊगंज, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी

 इन इलाकों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।


प्री-मानसून की चेतावनी बनी परेशानी

प्री-मानसून की तेज गतिविधियों के चलते रेल सेवाओं पर असर देखने को मिला। रतलाम में गौतमपुरा-बड़नगर रेल लाइन पर पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूट गई, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। वहीं, तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति और संचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment