Thursday , May , 16 , 2024

रांची में बोले सीएम मोहन यादव, ‘70 साल की समस्याओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 साल में सुलझाया’

रांची में बोले सीएम मोहन यादव, ‘70 साल की समस्याओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 साल में सुलझाया’

रांची। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रांची (झारखंड) के हरमू स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से हिन्दुओं के साथ भेदभाव किया और उनका अपमान किया। कांग्रेस ने हिन्दुओं की भावनाओं के साथ कुठाराघात किया है। कांग्रेस भावनाएं नहीं समझती है, वह तो भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती है। कांग्रेस ने हमेशा से देश में मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति पर काम किया है और हिन्दुओं को दूसरे चश्मे से देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने 70 साल की समस्याओं को 10 साल में सुलझाया है।


70 साल तक हिन्दू-मुस्लिम को आपस में लड़ाते रहे कांग्रेसी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से 70 सालों तक देश में शासन चलाया, लेकिन वह 70 सालों में देश की समस्याओं को खत्म नहीं कर पाई। भगवान श्रीराम खुले आसमान के नीचे रहे, लेकिन कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर को लेकर हमेशा से देश के हिन्दू और मुसलमानों को लड़ाने का काम किया। तीन तलाक के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी लागू नहीं करवा पाए। न्यायालयों के आदेशों को पालन करवाने का काम सरकारों का होता है, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से वोट बैंक की रही है। कांग्रेस हमेशा से श्रीराम मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाती रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने 70 सालों की समस्याओं को 10 साल में सुलझाया है। जिस तरह से तीन तलाक के मामले को लेकर देश में काम हुआ है उससे मुस्लिम महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। वे अब खुशहाली के साथ अपना जीवन जी रही हैं। अब भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं।


अब भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साधु का जीवन जी रहे हैं। वे तीन बार गुजरात जैसे संपन्न राज्य के मुख्यमंत्री रहे, दो बार प्रधानमंत्री रहे हैं, लेकिन उन पर कोई दाग नहीं है। उन्होंने हमेशा अपना जीवन बेदाग रह कर जीया है। उन्होंने अपने जीवन का क्षण-क्षण देश के लिए कुर्बान कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के 10 साल के कार्यकाल में हमारे देश की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर से 5वें नंबर पर आ गई है। प्रधानमंत्री मोदी यह चुनाव अपने लिए नहीं, इस देश की खुशहाली के लिए लड़ रहे हैं। बल्कि वे नहीं लड़ रहे हैं यह चुनाव तो देश की जनता देश की उन्नति, प्रगति, सनातन धर्म की रक्षा और दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए लड़ा रही है।


रांची आकर मन गदगद है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की धरती रांची आकर मन गदगद है। अभी चुनाव की बेला है और इस बार का चुनाव बाकी चुनावों से हटकर है। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की भूमिका ही अलग है। उनके कार्यकाल में कई ऐसे निर्णय हुए हैं, जो अब तक कभी नहीं हो सके। 


कोई और सरकार होती तो उसको युगों लग जाते

उन्होंने कहा कि निर्वाचन की बेला में अगर हम मोदी जी के काम का मूल्यांकन करेंगे तो 10 साल का समय कम पड़ता है। लेकिन उन्होंने 10 साल के अंदर 70 साल की समस्याओं को समाधान करने का काम किया है। कोई और सरकार होती तो उसको युगों लग जाते। मोदी जी ने लार्ड मैकाले की शिक्षा नीति में अमूलचूल परिवर्तन करते हुए, शिक्षा से रोजगार का संबंध और व्यक्ति के व्यक्तित्व के निर्माण और सनातन से जोड़ने का काम मोदी जी ने किया। 2020 में भारत सरकार ने नई शिक्षा नीति लागू की। मध्यप्रदेश में सबसे पहले शिक्षा नीति को हमने लागू कराया। कांग्रेस ने हमारे पाठ्यक्रम से सनातन धर्म की संस्कृति को हटाने का काम किया। कांग्रेस खूद भूल गई कि उनके पुराने राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मदनमोहन मालवीय जी, जिन्होंने खुद बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। पत्रकार वार्ता में झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी नेता प्रतिपक्ष अमर बावरी और प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका मौजूद थे


चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया

इसके पूर्व प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ यादव का स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा की प्रतिमा देकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र प्रदान किये। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी बजरंगी यादव ने चांदी का मुकुट एवं बांसुरी और श्रीमती शोभा यादव ने भगवान कृष्ण की प्रतिमा भेंटकर उनका सम्मान किया।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment