
रायपुर। भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का लीग एंबेसडर बनाया गया है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित लीग का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग में छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी और एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी होगा। एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर छह टीमों के मार्की खिलाड़ी होंगे। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा के साथ उनकी जर्सी भी लॉन्च की गई।
छह फ्रेंचाइजी, 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच
लीग में 18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच खेला जाएगा। कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि में विजेता को 11 लाख और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत पुरस्कारों के लिए 4 लाख रुपये निर्धारित हैं। सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा और मैचों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मंच
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी का लीग एंबेसडर बनना युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन और बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, सरदार सिंह ने कहा कि लीग से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’
लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है, जबकि बाघ को मस्कट बनाकर उसका नाम ‘बघवा’ दिया गया है। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की प्रस्तुतियों के साथ पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी प्रस्तुति देंगे। लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक मंच तैयार करना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

