
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के विशेष आयोजन को मंजूरी दी है। परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कंप्यूटर आधारित टेस्ट पद्धति से होगी। शासन ने साल में न्यूनतम दो बार परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर 2025 और 29 मई 2026 के निर्णयों के अनुपालन में यह व्यवस्था की गई है। निर्धारित शर्तों के तहत जिन सेवारत शिक्षकों की सेवा में पांच वर्ष या उससे अधिक समय शेष है, उन्हें सेवा में बने रहने अथवा पदोन्नति के लिए संबंधित स्तर की टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।
परीक्षा निजी तकनीकी सेवा प्रदाता के माध्यम से एक से अधिक पालियों में आयोजित की जाएगी। सभी पालियों के प्रश्नपत्रों का स्तर समान रखा जाएगा। उत्तीर्ण शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर प्रमाणपत्र जारी करेगी। लोक शिक्षण संचालनालय को हर वर्ष कम से कम दो बार परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

