
रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 31 जनवरी 2027 को अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगी। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य के अनुसार, प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक करेक्शन विंडो खुलेगी।
25 जनवरी से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र
एनटीए के कार्यक्रम के मुताबिक, प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी को जारी की जाएगी, जबकि अभ्यर्थी 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के जरिए बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। कक्षा छठवीं के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट होगी और प्रश्नपत्र 13 माध्यमों में उपलब्ध रहेगा। वहीं, कक्षा नौवीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा।
एनटीए की वेबसाइट पर करें आवेदन
अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ या https://nta.ac.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा, पात्रता, आरक्षण, पाठ्यक्रम और परीक्षा शुल्क सहित प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में दी गई है। परीक्षा संबंधी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भी भेज सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

