रविवार, 29 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

एआई व आधुनिक तकनीक चिकित्सक के अनुभव और संवेदनशीलता का विकल्प नहीं : रमेन डेका

28 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
एआई व आधुनिक तकनीक चिकित्सक के अनुभव और संवेदनशीलता का विकल्प नहीं : रमेन डेका
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों ने रोगों के निदान एवं उपचार को नई दिशा दी है, लेकिन ये चिकित्सक के अनुभव, शारीरिक परीक्षण और मानवीय संवेदनशीलता का विकल्प नहीं हो सकतीं। चिकित्सा सेवा में तकनीक के साथ मानवीय स्पर्श और रोगियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी उतना ही जरूरी है।


राज्यपाल शनिवार को एम्स रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए), छत्तीसगढ़ शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्स-रे के आविष्कार से शुरू हुई रेडियोलॉजी आज अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुकी है। इससे रोगों की पहचान और उपचार पहले से अधिक प्रभावी हुए हैं।


राज्यपाल ने चिकित्सकों से रोगियों के साथ विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करने और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने का अवसर देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना भी इसका अभिन्न हिस्सा है।


तकनीक के साथ चिकित्सकीय विवेक भी जरूरी

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि एआई, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरण चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इनके पीछे मानव मस्तिष्क, कौशल और अनुभव की भूमिका सर्वोपरि है। चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। रोगी से संवाद, शारीरिक परीक्षण और सूक्ष्म अवलोकन सटीक निदान के लिए बेहद जरूरी हैं।


दूरस्थ क्षेत्रों में एआई बन सकती है जीवनरक्षक

राज्यपाल ने कहा कि इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी समय पर चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में ऐसी तकनीकें जीवनरक्षक साबित हो सकती हैं। उन्होंने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता जताते हुए लोगों से मानसिक समस्याओं पर खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर परामर्श लेने की अपील की।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

सम्मेलन में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आईआरआईए अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर शामिल हुए।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें