गुरुवार, 09 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

रायपुर से शुरू होगा ‘एआई सक्षम शिक्षा अभियान’, 2 लाख से अधिक शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

09 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
रायपुर से शुरू होगा ‘एआई सक्षम शिक्षा अभियान’, 2 लाख से अधिक शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राकेश रंजन ने मुलाकात की। रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ‘एआई सक्षम शिक्षा अभियान’ की शुरुआत की गई है। 2 लाख से अधिक शिक्षकों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 


गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन ने रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के मध्य हुए लेटर ऑफ इंटेंट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में “एआई सक्षम शिक्षा अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान के तहत राज्य में शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और एआई आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल के प्रथम चरण की शुरुआत रायपुर से की जाएगी, जिसके बाद इसे राज्य के सभी जिलों में विस्तार दिया जाएगा।


इस कार्यक्रम के अंतर्गत 2 लाख से अधिक शिक्षकों को एआई प्रमाणन दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है, जिससे शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त किया जा सके। पहले चरण में 200 शिक्षकों की सहभागिता से कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें गूगल फॉर एजुकेशन टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, कक्षा शिक्षण में एआई के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।


विद्यार्थियों के अंदर नए युग के कौशल विकसित होंगे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक-सक्षम और नवाचार आधारित बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों को शिक्षा से जोड़ना केवल एक पहल नहीं, बल्कि प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। इससे न केवल शिक्षण पद्धतियों में गुणवत्ता आएगी, बल्कि विद्यार्थियों के अंदर नए युग के कौशल विकसित होंगे, जो उन्हें आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें