मंगलवार, 03 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

अटल बिहारी वाजपेयी ने किया छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान, राज्य निर्माण की दी सौगात: किरण सिंह देव

03 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
अटल बिहारी वाजपेयी ने किया छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान, राज्य निर्माण की दी सौगात: किरण सिंह देव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की केंद्रीय थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण की ऐतिहासिक सौगात दी। 


विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जगदलपुर में 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर प्रदान करेगा। वहीं धुड़मारास को हेरिटेज विलेज के रूप में विकसित करने, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर जैसी पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।


समारोह में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


माओवादी हिंसा से निकलकर विकास की राह पर बस्तर

महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नारी शक्ति और युवा ऊर्जा नए बस्तर के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। दशकों तक माओवादी हिंसा का दंश झेलने वाला बस्तर अब शांति और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बस्तर की बेटियां खेल, सुरक्षा, नवाचार और डिजिटल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ युवाओं को रोजगार प्रदाता बनने की प्रेरणा दे रही हैं।


माओवाद मुक्त बस्तर ऐतिहासिक उपलब्धि

कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के बलिदान और जनसहयोग से 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके बाद प्रशासन का फोकस शांति स्थापना के साथ त्वरित विकास और जनसुविधाओं के विस्तार पर है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 8,700 करोड़ रुपये की लागत से अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर कार्य जारी है। 


हितग्राहियों को दिया गया योजनाओं का लाभ

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ प्रदान किए गए। मां दंतेश्वरी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की पदयात्री सेवा में योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों और पारंपरिक लोक कलाकारों को भी पुरस्कृत किया गया।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें