शनिवार, 25 अप्रैल 2026
Logo
Chhattisgarh

बेहतर शिक्षक एक जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में निभाते हैं महती भूमिका: रमेन डेका

05 सित, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm vishnu dev sai and governer ramen deka

Cm vishnu dev sai and governer ramen deka

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को शिक्षक दिवस पर राजभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में वर्ष 2024 के उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया। 64 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होता है। बेहतर शिक्षक एक जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में महती भूमिका निभाते हैं। 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 के लिए सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2025 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के प्रेरणास्रोत होते हैं। उनके विकास में शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका है। आज का जीवन सरल नहीं है। गिरकर खड़े होना और जीवन की चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए, यह विद्यार्थियों को सिखाना चाहिए।  

 

शिक्षक अनेक कठिनाइयों के बावजूद ज्ञान का उजाला फैलाते हैं: मुख्यमंत्री 

 

 

समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक ही सच्चे राष्ट्र निर्माता होते हैं। वे देश को ऐसे राष्ट्रभक्त नागरिक देते हैं, जो आगे चलकर समाज और राष्ट्र की उन्नति में योगदान देते हैं। जिस प्रकार दीपक खुद जलकर दूसरों को प्रकाश देता है, उसी प्रकार शिक्षक भी अनेक कठिनाइयों के बावजूद ज्ञान का उजाला फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का मूलमंत्र है और इसके बिना जीवन अधूरा है। पिछले वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक विस्तार हुआ है। आज प्रदेश में 20 से अधिक विश्वविद्यालय, 15 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्थान जैसे आईआईटी, आईआईएम, एम्स तथा लॉ विश्वविद्यालय स्थापित हैं।

 

शिक्षा का स्तर आने वाले समय में और बेहतर होगा

विशिष्ट अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होेने से प्रदेश में शिक्षा का स्तर आने वाले समय में और बेहतर होगा। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की।

 

इनको किया गया सम्मानित

 

 

राज्यस्तरीय समारोह में चार उत्कृष्ट शिक्षकों- सूरजपुर जिले के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम जिले के रमेश कुमार चंद्रवंशी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार और रायगढ़ जिले के भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी तरह प्रधान पाठक, व्याख्याता, व्याख्याता एलबी, शिक्षक एलबी, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक एलबी वर्ग के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें