
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है। आधुनिक इलाज के साथ मरीज का मनोबल बनाए रखना और उसे भावनात्मक सहयोग देना भी बेहद जरूरी है। चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार तथा परिवार और समाज का सहयोग मरीज में बीमारी से लड़ने का हौसला बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री शनिवार को नवा रायपुर के मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर की ओर से आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान से प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ती हैं। विशेषज्ञों को ऐसी आधुनिक तकनीकों और अनुसंधानों पर काम करना चाहिए, जिससे कैंसर की जल्द पहचान के साथ उपचार अधिक सस्ता और सुलभ बनाया जा सके।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचना लगातार मजबूत हो रही है। राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब शासकीय और निजी मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 हो गई है। पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम जारी है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश में सुपर स्पेशियलिटी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करना है।
आर्थिक कठिनाई इलाज में बाधा न बने
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाई इलाज में बाधा न बने, इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक उपचार सुविधा और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपए तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई है और लगभग 40 हजार लोगों में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा गया है।
मरीजों का बनेगा व्यवस्थित डेटाबेस: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है। इससे कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने और उनके उपचार संबंधी जानकारी के बेहतर संधारण में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ ले रहे हिस्सा
‘रीस्टोरिंग बैलेंस टू कैंसर केयर ’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में कैंसर स्क्रीनिंग और उपचार की नवीन तकनीकों से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

