
रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को नगर पंचायत लखनपुर में 283 लाख रुपए की लागत से पूरी होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि लखनपुर का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से नगर की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विकास कार्यों के पूरा होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। क्षेत्र के समग्र विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से छत्तीसगढ़ के लखनपुर नगर पंचायत का स्वरूप तेजी से बदलने की उम्मीद है। भूमिपूजन की गई परियोजनाओं में सड़क, नाली, सामुदायिक अधोसंरचना सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं, जो न केवल नगर की मूलभूत जरूरतों को पूरा करेंगे बल्कि आने वाले समय में आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आधार भी बनेंगे।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भविष्य में भी विकास की यह गति लगातार जारी रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से ही लखनपुर को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। स्थानीय नागरिकों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल है। उन्होंने आशा जताई कि इसी तरह क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य होते रहेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

