
रायपुर। राजधानी में आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। कार्टून में गंभीर विषयों को सहजता से जनमानस तक पहुंचाने की अद्भुत क्षमता है। यह हास्य और व्यंग्य के जरिए गंभीर सामाजिक मुद्दों को सरलता से जनमानस तक पहुंचाता है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला में आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका ‘कॉमन मैन’ आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी मौलिकता और रचनात्मकता बनाए रखते हुए डिजिटल माध्यमों का लाभ उठाने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि कलाकारों के योगदान का सम्मान नई पीढ़ी को बेहतर रचनात्मक कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए पत्रिका के प्रयासों की सराहना की।
सरकार कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और रचनात्मक परंपराओं के संरक्षण के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच देने के साथ समाज में सकारात्मक और विचारशील संवाद को मजबूत करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

