
रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के नव नियुक्त अध्यक्ष दीपक म्हस्के ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सीजीएमएससी बड़ी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीजीएमएससी की स्थापना वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी। इस संस्था की भूमिका राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और आवश्यक दवाओं व उपकरणों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आज यह कॉरपोरेशन केवल आपूर्ति एजेंसी नहीं, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दीपक म्हस्के पूर्व में केमिस्ट्री विषय के शिक्षक रहे हैं। यह अनुभव अब उनके नेतृत्व में सीजीएमएससी के कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बल देगा, जिससे प्रदेश की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी राज्य स्थापना का रजत जयंती मना रहा है। वर्ष 2000 में जब राज्य का गठन हुआ, तब से लेकर अभी तक प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हुई हैं।
स्वास्थ्य किसी भी नागरिक की सबसे बड़ी पूंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य किसी भी नागरिक की सबसे बड़ी पूंजी होती है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों गरीब परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा दी है। प्रदेश में भी लाखों परिवार इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य मंत्री खुद ऊर्जावान और सक्रिय हैं। अब कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी दीपक महस्के जैसे कर्मठ और योग्य व्यक्ति को मिली है, तो निश्चित रूप से सीजीएमएससी प्रदेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दी शुभकामनाएं
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जेनेरिक दवाइयां, सर्जिकल सामग्री, मेडिकल उपकरणों की समय से उपलब्धता और आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती के उद्देश्य के साथ वर्ष 2010 में इस कॉर्पोरेशन का गठन हुआ था। म्हस्के जैसे योग्य, ईमानदार, दूरदर्शी और काबिल हाथों में इस कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी दी गई और वे अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सफल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने म्हस्के को नए दायित्व मिलने पर अपनी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी संबोधित किया।
इनकी रही उपस्थिति
विधायक मोतीलाल साहू, विधायक किरण देव, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्र कुमार साव, महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया की उपस्थिति रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

