शनिवार, 26 सितंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

चंडालपुर गांव अब कहलाएगा ‘चंदनपुर’, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को सौंपा राजपत्र

26 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
चंडालपुर गांव अब कहलाएगा ‘चंदनपुर’, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को सौंपा राजपत्र
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग आखिरकार पूरी हो गई। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का आधिकारिक नाम अब ‘चंदनपुर’ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन ने नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके साथ ही गांव का नया नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा।


तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा चंदनपुर पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर नाम परिवर्तन की बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए मौजूद रहे। लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया।


विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा

नाम परिवर्तन की खुशी के अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने गांव में विकास कार्यों के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


मंत्रिमंडल की चर्चा व राज्यपाल की स्वीकृति के बाद बदला नाम

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों की ओर से लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई और राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव को जानें और इसकी नई पहचान कायम रहे।


स्थानीय इतिहास और जनभावनाओं से जुड़ी है गांव की पहचान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तन से क्षेत्र की स्थानीय पहचान और ग्रामीणों की भावनाओं को मजबूती मिलेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें