सोमवार, 25 मई 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: नगरीय निकायों में 240, त्रि-स्तरीय पंचायतों में 392 अभ्यर्थी उतरेंगे चुनावी मैदान में

25 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह।

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगरीय निकायों व त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्रों की जांच, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। नगरीय निकायों में कुल 240 और त्रि-स्तरीय पंचायतों में 392 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में उतरेंगे।


त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत पंच पद के लिए कुल 1136 पद निर्धारित थे, जिनमें 385 पदों पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ तथा 4 पदों पर नामांकन निरस्त किए गए। 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है, जबकि शेष 107 पदों पर मतदान कराया जाएगा, जिनके लिए कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरपंच पद के लिए कुल 82 पदों में से 30 पदों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए तथा 3 नामांकन निरस्त हुए। 15 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है और शेष 34 पदों पर मतदान होगा, जहां कुल 105 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों पर सभी स्थानों पर सविरोध निर्वाचन होगा तथा इन पदों के लिए कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।


नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के कुल 71 स्थानों पर मतदान कराया जाएगा। इन पदों के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के 5 स्थानों पर भी निर्वाचन होगा, जिनके लिए कुल 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। इन पदों पर न तो कोई नामांकन निरस्त हुआ और न ही कोई निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी के मुताबिक नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपेटी (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से संपन्न कराए जाएंगे। 


सविरोध निर्वाचन वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं: अजय सिंह

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सविरोध निर्वाचन वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था व मतदान केंद्रों की मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। आयोग ने मौसम को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए छाया, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश जारी किए हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें