
रायपुर। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रदेशभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। राजनांदगांव, बालोद और सूरजपुर जिले में प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की गई है।
राजनांदगांव जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है। वाहनों का उपयोग मुरूम और रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में किया जा रहा था। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना मोहारा के सुपुर्द कर दिया गया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने ग्राम अछोली, चौथना, छिरपानी, कल्याणपुर, ढारा और मुढ़िया मोहारा क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान मुरूम और रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन के मामले सामने आए।
खनिज विभाग ने ग्राम बिजनापुर निवासी हेम प्रकाश वर्मा के स्वामित्व वाली जेसीबी क्रमांक सीजी-08-बीबी-4365 तथा राजनांदगांव निवासी प्रशांत सिन्हा के स्वामित्व वाली हाईवा क्रमांक सीजी-08-एआर-7660 को मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया। वहीं, छुईखदान निवासी मनीष चंद्राकर के स्वामित्व वाली हाईवा क्रमांक सीजी-04-एनजे-2055 को रेत के अवैध परिवहन के आरोप में जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बालोद जिले में रेत के अवैध भंडारण के छह मामलों में जब्ती की कार्रवाई
बालोद जिले में रेत के अवैध भंडारण के छह मामलों में जब्ती की कार्रवाई है। जब्त रेत को ग्राम पंचायत और संबंधित कोटवार के सुपुर्द कर दिया गया है। खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम सिकोसा, रेंगाकठेरा, चंदनबिहरी और देवरी-ख में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर रेत के अवैध भंडारण के छह मामले पाए गए, जिसमें जब्ती की कार्रवाई की गई है।
खनिज परिवहन कर रहे तीन ट्रेलर वाहनों को किया जब्त
सूरजपुर जिले में खनिज विभाग की टीम ने बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन कर रहे तीन ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज अमला की ओर से प्रेमनगर क्षेत्र में खनिज वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान तारा मुख्य मार्ग पर चूना पत्थर गिट्टी से भरे तीन ट्रेलर वाहन बिना अभिवहन पास के परिवहन करते पाए गए। प्रारंभिक जांच में वाहन जिला जांजगीर-चांपा स्थित क्रशर से लोड होकर संचालित होना पाए गए। खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज करते हुए तीनों ट्रेलरों को पुलिस थाना प्रेमनगर की अभिरक्षा में रखा है। प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

