
रायपुर। नेशनल डिफेंस कॉलेज के 18 सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल ने छत्तीसगढ़ भ्रमण बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव सहाय से उनके निवास कार्यालय पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नक्सल उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से बल्कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों के माध्यम से भी नक्सल समस्या का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक और शहरी विकास के साथ ग्रामीण व आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता, नवाचार और उत्कृष्ट शासन प्रणाली का उदाहरण बने। सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल का भ्रमण प्रदेश सरकार के प्रयासों को एक राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है।
सांस्कृतिक और एतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है प्रदेश
मुख्यमंत्री ने सभी सैन्य अधिकारियों से उनके प्रदेश भ्रमण को लेकर चर्चा की। साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है। नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता इसे खास पहचान देती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और एतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है। प्रदेश का 44 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है। आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हमारी धरोहर का अभिन्न अंग हैं। छत्तीसगढ़ का सौंदर्य अनुपम है।
अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए
नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने प्रवास के दौरान आईआईएम रायपुरए इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटरए ग्रीन फील्ड सिटी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को देखा। साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियान के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने सिरपुर, एजुकेशन सिटी दंतेवाड़ा, कांकेर वुड आर्ट सेंटर, जंगल वारफेयर कॉलेज, कोंडागांव के टाटामारी और शिल्पग्राम, बादल एकेडमी और चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया।
भ्रमण का यह उद्देश्य रहा
दल का नेतृत्व कर रहे एडमिरल संदीप सिंह संधु ने बताया कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के द्वारा प्रति वर्ष एक वर्षीय कोर्स संचालित किया जाता है। जिसमें सेना, सिविल सेवा और अंतरराष्ट्रीय रक्षा अधिकारियों को रणनीतिक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 124 अधिकारी इस कोर्स में शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय और 5 अन्य देशों के अधिकारी छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक ढांचे को समझने के लिए भ्रमण पर आए है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद झा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद और डॉ. बसवराजू एस उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

