
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों को शामिल किया गया है। इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन का मौका मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी दोबारा संस्था और विषय का चयन कर सकेंगे। काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपने विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य होगा। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित आगामी सूचनाओं के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट https://www.cgdme.in/h नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।
10 पर्सेंटाइल तक अंक वालों को भी मौका
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में पंजीयन कराकर संस्थाओं का चयन कर सकेंगे। हालांकि, यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
नियमों के अनुसार होगा सीटों का संवर्ग परिवर्तन
संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

