
रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23-24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी 23 सितंबर को सुबह 7 से 11 बजे तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में पंजीयन करा सकेंगे।
तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल 23 सितंबर को, हॉकी और एथलेटिक्स के लिए 24 सितंबर को चयन प्रक्रिया होगी। इसमें राज्य के खिलाड़ी और अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया में पंजीयन के साथ दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय जांच, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल परीक्षण शामिल होंगे। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
चयन समिति उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन करेगी। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

