शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा, मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान

20 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा, मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित 'स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026' में राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।


बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला है। डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार सुशासन, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।


डिजिटल लेनदेन में भी छत्तीसगढ़ अव्वल

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 की डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में भी छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला। राज्य को मिले ये पुरस्कार पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हैं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें