
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों का विस्तार किया गया है। इससे पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का नया अवसर मिलेगा।
नए अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, यह संशोधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलेकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में किया गया है।
इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय शालाओं में ई-संवर्ग और टी-संवर्ग के शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। अब संशोधित प्रावधानों के तहत कुछ विषयों में दिव्यांगता की अतिरिक्त श्रेणियों को पात्रता में शामिल किया गया है।
भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी [छत्तीसगढ़ व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट (https://vyapamcg.cgstate.gov.in/) पर जा सकते हैं। शुद्धि पत्र में किए गए संशोधनों के अतिरिक्त 7 अगस्त 2026 को जारी मूल विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और कंडिकाएं यथावत रहेंगी।
इन विषयों में बढ़ाई गई दिव्यांगता की पात्र श्रेणियां
समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुसार, शिक्षक भर्ती में विषयवार निम्नलिखित बदलाव किए गए हैं।
हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान: पूर्ण दृष्टिबाधिता (Blind) और सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में शामिल किया गया है।
गणित: सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता को शामिल किया गया है।
कृषि: सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणी में शामिल किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वितरण चार प्रमुख समूहों के अंतर्गत किया गया है। इनमें दृष्टिबाधिता (VI), श्रवण बाधिता (HI), अस्थिबाधिता (OI) और बहुदिव्यांगता (MD) शामिल हैं।
ई और टी संवर्ग में कुल 1654 पदों पर भर्ती
संशोधित विज्ञापन के अनुसार, शिक्षक भर्ती के तहत ई-संवर्ग में 868 और टी-संवर्ग में 786 पद निर्धारित हैं। दोनों संवर्गों को मिलाकर कुल 1654 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
ई-संवर्ग के पद
विषय पदों की संख्या
हिंदी 109
संस्कृत 150
अंग्रेजी 319
गणित 135
सामाजिक विज्ञान 150
कृषि 05
कुल 868
टी-संवर्ग के पद
विषय पदों की संख्या
हिंदी 141
संस्कृत 150
अंग्रेजी 185
गणित 115
सामाजिक विज्ञान 100
कृषि 95
कुल 786
आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख व्यापमं की ओर से अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन की नई तिथि और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइटों पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

