
रायपुर। आगामी 21 जून को नीट यूजी-2026 की पुनर परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए शुक्रवार को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में बैठक हुई। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को परीक्षा के एक दिन पहले 20 जून को तमाम व्यवस्थाओं को सुनिश्चितता के लिए माकड्रिल एक्सरसाइज करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम बच्चों की काउंसलिंग करें कि उन्हें किसी भी तरह परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने परीक्षा के दौरान केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने कहा है। सभी जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स व पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के पहले ही केंद्रों का निरीक्षण करने और परीक्षा के लिए की गई तमाम तैयारियों के बारे जानकारी लेने कहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस है, इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा संचालन में कहीं पर कोई दिक्कत नहीं हो यह सुनिश्चित कर लिया जाए। परीक्षा केंद्रों पर आने जाने के लिए समुचित व्यवस्था हो।
परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्यम से मूव होंगे
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा देने जा रहे बच्चें घबराये नही- परीक्षा अच्छे से दें। उन्होंने माकड्रिल की तैयारी पहले से करने कहा है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कहा गया है। परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्यम से मूव होंगे। इन्हें सुरक्षा के साथ रखने कलेक्टर, एसपी को पहले से ही पर्याप्त तैयारी करने कहा गया है। प्रत्येक जिले में नियंत्रण कक्ष की स्थापना करने एवं परीक्षा दिवस पर सक्रिय रखने कहा गया है, जिससे परीक्षा संचालन का प्रभावी निगरानी की जा सकें।
नीट यूजी की परीक्षा के लिए 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में शामिल हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नीट पुनर परीक्षा 19 शहरों में होगी। परीक्षा के लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभिषेक सिंह ने सभी जिला प्रशासन के अधिकारियों से परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां करने और सहयोग व समन्वय करने का अनुरोध किया।
बैठक से ये लोग जुड़े
बैठक में प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसवराजु एस. सहित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से नामित छत्तीसगढ़ राज्य नोडल अधिकारी पीयुष शुक्ला सहित छत्तीसगढ़ शासन के तकनीकी शिक्षा संचालनालय, पुलिस विभाग तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के अधिकारी सहित सरगुजा, बालोद, बीजापुर, बिलासपुर, दुर्ग, दंतेवाड़ा, धमतरी, बस्तर, जांजगीर-चापा, कांकेर, कोण्डागांव, कोरबा, महासमुंद, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, नारायणपुर, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सुकमा के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

