
रायपुर। धान के कटोरे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित छत्तीसगढ़ के पारंपरिक चावल को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने पर सहमति बनी। संस्था ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर इन उत्पादों को वैश्विक व्यापार मंचों तक पहुंचाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान यूरोपीय बाजारों तक पहुंच, विदेशी खरीदारों से संपर्क और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में प्रदेश की भागीदारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि राहुल देव और भारत की काउंसल जनरल आर्स निसार भी मौजूद रहीं।
जीराफूल व नगरी दुबराज को प्राप्त है जीआई टैग
जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को जीआई टैग प्राप्त है। इनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने और पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस पहल से किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं।
2030 तक प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषि निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास कर रही है। निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह पहल छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

