शनिवार, 21 नवंबर 2026
Logo
Chhattisgarh

भारत मंडपम में छाई छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति, कोसा और जनजातीय शिल्प बने आकर्षण

21 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भारत मंडपम में छाई छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति, कोसा और जनजातीय शिल्प बने आकर्षण
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्पकला आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। छत्तीसगढ़ पवेलियन में कोसा रेशम, बेलमेटल, ढोकरा कला और जनजातीय परंपराओं की अनूठी झलक देश-दुनिया के सामने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रही है।


संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण कर प्रदर्शित कलाकृतियों, पारंपरिक वस्त्रों और हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने शिल्पकारों की कला और पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक हुनर की सराहना करते हुए कहा कि लोककला और जनजातीय संस्कृति प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और प्रचार-प्रसार से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।


पवेलियन में प्रदर्शित कोसा रेशम के वस्त्र, पारंपरिक परिधान और जनजातीय जीवनशैली से प्रेरित कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। बेलमेटल, ढोकरा, लौह, काष्ठ और बांस शिल्प के माध्यम से प्रदेश की कलात्मक परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाया गया है।


डॉ. कन्नौजे ने कहा कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला प्रदेश के कलाकारों और शिल्पकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे पारंपरिक उत्पादों को बाजार और नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय शिल्पकारों की आजीविका तथा आर्थिक सशक्तीकरण के अवसर भी बढ़ेंगे।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें