
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की पहली महिला खुली जेल (वीमेन ओपन करेक्शनल इंस्टिट्यूशन) का केंद्रीय जेल, रायपुर में शुभारंभ किया गया। जेल विभाग के डीजी हिमांशु गुप्ता ने इसका उद्घाटन किया। केंद्रीय जेल, रायपुर में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए इसे विकसित किया गया है। इस ओपन जेल में 25 महिला बंदिनियों को रखा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला बंदिनियों के लिए इस प्रकार की खुली जेल शुरू की गई है। इस व्यवस्था के तहत महिला बंदिनियां सुबह विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जाएंगी और दिनभर काम करने के बाद शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल लौटेंगी। इसका उद्देश्य महिला बंदिनियों को नियंत्रित एवं सुरक्षित वातावरण में रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
केंद्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा
महिला बंदिनियों को जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यह पहल महिला बंदिनियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनमें कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की दिशा में एक नई व्यवस्था के रूप में शुरू की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

