शनिवार, 03 अक्टूबर 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सिंगापुर पहुंचे

03 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सिंगापुर पहुंचे
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। वह छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे। 


सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्वागत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित सीईओ राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।


छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें