
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की ओर से रायपुर के डूमरतराई में विकसित नवीन थोक बाजार का नामकरण व लोकार्पण समारोह 8 जुलाई को आयोजित होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व्यापारिक परिसर का लोकार्पण व नामकरण कर इसे प्रदेशवासियों और व्यापारियों को समर्पित करेंगे।
समारोह की अध्यक्षता आवास व पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी करेंगे। यह कार्यक्रम पूर्व में 5 जुलाई को प्रस्तावित था, पर अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह समारोह 8 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह अत्याधुनिक थोक बाजार व्यापारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
बाजार परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुगम यातायात व्यवस्था, सुव्यवस्थित व्यापारिक अवसंरचना तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया गया है। यह बाजार रायपुर सहित पूरे प्रदेश के व्यापारिक विकास को नई दिशा देने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। डूमरतराई व्यापारिक परिसर का विकास चरणबद्ध रूप से किया गया है।
प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपए की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें व हॉल निर्मित किए गए हैं। द्वितीय चरण में करीब 145 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति से विभिन्न श्रेणियों की 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है।
समारोह में इनकी रही मौजूदगी
लोकार्पण व नामकरण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा व सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, गणमान्य नागरिक तथा मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

