
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी में पुलिस लाइन स्थित रायपुर की पहली महिला विधायक और समाजसेवी श्रीमती रजनी ताई उपासने के निवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रजनी ताई उपासने के योगदान को याद किया। उनके परिजनों को सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह प्रेरणादायी है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता के हितों और रायपुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव के कारण उन्हें विशिष्ट पहचान मिली। वह महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहीं। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिजन उपस्थित थे।
वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर पहली महिला विधायक बनी थीं
रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी, ऐसे समय में जनता का विश्वास जीतना उनके साहस और संघर्ष के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

