
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत बलौदाबाजार भाटापारा जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति कमार बाहुल्य गांव बलदाकछार पहुंचे। उन्होंने 'मोर गांव, मोर पानी' महाभियान के तहत बन रहे सोखता गड्ढे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजमिस्त्री की भूमिका निभाई और निर्माणाधीन सोखता गड्ढे में ईंट जोड़ाई की।
मुख्यमंत्री ने पानी बचाने के लिए जल संचयन वाहिनी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल संकट से बचने ऐसे प्रयास जरूरी हैं। जल संचयन वाहिनी की सदस्य ललिता ध्रुव ने मुख्यमंत्री को बताया कि 'मोर गांव, मोर पानी' महाभियान के तहत बलदाकछार में अब तक 10 नलकूपों के पास सोखता गड्ढों का निर्माण किया जा चुका है। इस अभियान के अंतर्गत तालाबों की सफाई, जागरूकता रैली, दीवार लेखन, तथा वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंचायत राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल 2025 को मोर गांव, मोर पानी महाभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सभी 519 ग्राम पंचायतों में अब तक नलकूपों के पास 2500 सोखता गड्ढों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। 1291 तालाबों की सफाई भी की गई है। जल संचयन के लिए ग्राम स्तर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। वर्षा जल संचयन के लिए आवश्यक संरचनाओं के निर्माण के प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं और निर्मित संरचनाओं का ग्रामवासियों की ओर से भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

