सोमवार, 30 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई यात्रा का किया वर्चुअल शुभारंभ, जानें-क्या बोले…

30 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई यात्रा का किया वर्चुअल शुभारंभ, जानें-क्या बोले…
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रमुख शहरों को विमान सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे आमजन को भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना रही है कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके। छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों से कहा कि जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय सांसद के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सुविधा संभव हो पाई है। राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अंबिकापुर में 72 सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इससे प्रदेश को बड़ी सुविधा प्राप्त हुई है। बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के साथ दक्षिण छत्तीसगढ़ में जगदलपुर में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। 


कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।


टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर हो चुकी शुरू 

विमानन कंपनी एलायंस एयर की ओर से इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ हो चुकी है। 


दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार): सोमवार (फ्लाइट नं. 91613): दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 12:00 बजे अम्बिकापुर से सीधे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। बुधवार (फ्लाइट नं. 91614): दिल्ली से सुबह 10:25 बजे अम्बिकापुर आगमन और दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली प्रस्थान करेगी।


कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार): शनिवार (फ्लाइट नं. 91763): कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे अम्बिकापुर आगमन और 10:25 बजे सीधे कोलकाता प्रस्थान करेगी। गुरुवार (फ्लाइट नं. 91765): कोलकाता से सुबह 08:50 बजे अम्बिकापुर आगमन और 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता प्रस्थान करेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें