बुधवार, 13 मई 2026
Logo
Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल और कारपूलिंग अपनाने की अपील

13 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल और कारपूलिंग अपनाने की अपील
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। इसी भावना से प्रेरित होकर शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। 


मुख्यमंत्री के कारकेड में अत्यावश्यक वाहनों को ही किया जाएगा शामिल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनके आधिकारिक भ्रमणों के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रीगणों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी वाहनों व अन्य सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया गया है।


शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी कार्य करेगी। इसके तहत समस्त शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में परिवर्तित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल ईंधन की बचत करेगा, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हम ला सकते हैं बड़े सकारात्मक परिवर्तन 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशन फर्स्ट की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की आवश्यकता है। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें