
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशवासियों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ इस चुनौतीपूर्ण समय का सामना करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि इस समय प्रत्येक व्यक्ति को खुद के स्वास्थ्य के साथ अपने आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से पर्याप्त पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने तथा अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि छोटी सी सावधानी खुद और परिवार को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय या सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था अवश्य की जाए। संवेदना का यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए राहत और संबल बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुज़ुर्गों, श्रमिक साथियों और खुले में कार्य करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे, तो उसे तत्काल छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता भी सुनिश्चित की जाए।
पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील होने का किया आग्रह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील होने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत, दुकान अथवा आसपास पानी का एक छोटा पात्र रखने जैसी छोटी पहल इस भीषण गर्मी में किसी जीव के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी एक-दूसरे का संबल बनें और मानवता के इस दायित्व को मिलकर निभाएं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

